मैनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 4.50 लाख के 9 नग हीरों के साथ महिला समेत 3 तस्कर गिरफ्तार
मैनपुर। अवैध हीरा कारोबार के खिलाफ मैनपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना मैनपुर पुलिस एवं स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 4 लाख 50 हजार रुपये कीमत के 9 नग बहुमूल्य हीरों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 14 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोग अवैध रूप से हीरों का परिवहन एवं बिक्री करने के उद्देश्य से ग्राहक की तलाश में हैं।
सूचना के आधार पर थाना प्रभारी मैनपुर एवं स्पेशल टीम तत्काल कार्रवाई करते हुए जीरो पॉइंट सीकासार जाने वाले मार्ग पर पहुंचे।पुलिस ने घेराबंदी कर मौके पर एक महिला एवं दो पुरुषों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपी महिला भानुमति यादव के कब्जे से 5 नग, कुशल नेताम के पास से 2 नग तथा अर्जुन पाण्डे के पास से 2 नग कुल 9 नग चमकीले बहुमूल्य खनिज पदार्थ बरामद किए गए। जब्त हीरों की अनुमानित कीमत 4 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए सभी हीरों को जब्त कर लिया।
आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2), 3(5) बीएनएस तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।गिरफ्तार आरोपियों में —भानुमति यादव (38 वर्ष), निवासी ग्राम मोहंदा थाना मैनपुरकुशल नेताम (25 वर्ष), निवासी ग्राम पीपल कन्हार थाना पीपरछेड़ीअर्जुन पाण्डे (51 वर्ष), निवासी बेगरपारा थाना मैनपुर जिला गरियाबंदशामिल हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
