उर्स मेले से चोरी हुई ई-रिक्शा बरामद, बेचने की फिराक में घूम रहे दो आरोपी गिरफ्तार

उर्स मेले से चोरी हुई ई-रिक्शा बरामद, बेचने की फिराक में घूम रहे दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग, 27 मई 2026। थाना सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने वर्ष 2024 में उर्स मेले के दौरान चोरी हुई ई-रिक्शा को बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी की ई-रिक्शा को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी प्रताप गोस्वामी, निवासी बांबे आवास उरला दुर्ग ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 जून 2024 की रात वह अपने परिवार के साथ ई-रिक्शा क्रमांक CG 07 CQ 8647 से पुराना बस स्टैंड स्थित उर्स मेले में पहुंचे थे।

उन्होंने ई-रिक्शा को कचहरी गेट के पास लॉक कर खड़ा किया और परिवार सहित मेला देखने चले गए। करीब एक घंटे बाद लौटने पर ई-रिक्शा गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में चोरी का मामला दर्ज कराया गया था।मामले की विवेचना के दौरान पुलिस लगातार अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति लाल रंग की ई-रिक्शा को बेचने के लिए ग्राहक खोज रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम चाणक कुमार निवासी ग्राम बोरी नगपुरा तथा गोविन्द यादव निवासी कोसा नगर मार्केट लाइन के पीछे सुपेला भिलाई बताया। दोनों ने पूछताछ में उर्स मेले के दौरान ई-रिक्शा चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 50 हजार रुपये कीमत की चोरी गई ई-रिक्शा बरामद कर जप्त कर ली है।पुलिस के अनुसार आरोपी आर्थिक लाभ कमाने की नीयत से चोरी की ई-रिक्शा बेचने की तैयारी में थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर लॉक कर खड़ा करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?