5 लाख मीट्रिक टन चावल के शीघ्र उठाव की पहल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय मंत्री से मांगे अधिक रेलवे रैक
नई दिल्ली, 31 जुलाई। छत्तीसगढ़ से केंद्रीय पूल के लिए चावल के समयबद्ध परिवहन को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महत्वपूर्ण पहल की है। गुरुवार को नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर राज्य से 5 लाख मीट्रिक टन चावल के शीघ्र उठाव तथा प्रत्येक माह पर्याप्त संख्या में रेलवे रैक उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चावल का तेजी से उठाव होने से गोदामों में नई फसल के भंडारण के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा। इससे आगामी धान खरीदी अभियान को सुचारु रूप से संचालित करने में सुविधा मिलेगी और किसानों को भी समय पर लाभ मिल सकेगा।बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए छत्तीसगढ़ को केंद्रीय पूल में 73 लाख टन चावल उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की समय पर पूर्ति के लिए राज्य को हर महीने कम से कम 250 रेलवे रैक उपलब्ध कराना आवश्यक है।
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मुख्यमंत्री के आग्रह पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए राज्य को आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री की इस पहल से राज्य में चावल परिवहन व्यवस्था को गति मिलने, भंडारण क्षमता बढ़ने तथा किसानों से धान खरीदी की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।
