केयर टेकर ने बुजुर्ग दंपत्ति के खाते से निकाले 40 हजार रुपये, गिरफ्तार
दुर्ग पुलिस के थाना नेवई पुलिस ने बुजुर्ग दंपत्ति के संयुक्त बैंक खाते से रकम निकालने के मामले में एक महिला केयर टेकर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला ने विश्वास में लेकर बिना अनुमति खाते से 40 हजार 85 रुपये आहरित कर लिए।पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने 17 मई 2026 को थाना नेवई में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके वृद्ध माता-पिता के बैंक खाते की देखरेख करने वाली केयर टेकर ने खाते से बिना जानकारी राशि निकाल ली।
शिकायत में अन्य वित्तीय लेनदेन और रकम निकासी की आशंका भी जताई गई थी।मामले की जांच के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 312/2026 के तहत धारा 316(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। तकनीकी और तथ्यात्मक जांच के आधार पर आरोपिया का पता लगाकर पूछताछ की गई, जहां उसने खाते से 40,085 रुपये निकालना स्वीकार कर लिया।पुलिस ने आरोपिया स्मिता बरगटे (44 वर्ष) निवासी रिसाली सेक्टर, थाना नेवई, जिला दुर्ग को 18 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायिक रिमांड मिलने के बाद उसे केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
पुलिस ने मामले में बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य दस्तावेजी साक्ष्य जब्त किए हैं। कार्रवाई में निरीक्षक अनिल साहू सहित थाना नेवई पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।दुर्ग पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बुजुर्ग परिजनों के बैंक खातों, एटीएम, मोबाइल बैंकिंग और वित्तीय जानकारी साझा करते समय विशेष सावधानी बरतें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें।
