कर्मचारी एवं पेंशनर्स संगठनों ने विधायक श्री पुरंदर मिश्रा एवं श्री सुनील सोनी को संयुक्त ज्ञापन सौंपा
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, जिला शाखा रायपुर एवं छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन, जिला शाखा रायपुर द्वारा कर्मचारियों एवं पेंशनरों की लंबित मांगों के संबंध में विधायक श्री पुरंदर मिश्रा एवं श्री सुनील सोनी को संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपा गया। दोनों विधायकों से आग्रह किया गया कि वे कर्मचारियों एवं पेंशनरों की न्यायोचित मांगों का समर्थन करते हुए माननीय मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन को अपनी अनुशंसा प्रेषित करें।
छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कर्मचारियों को केंद्र सरकार की तिथि से 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता एवं पेंशनरों को महंगाई राहत प्रदान करने, डी.ए. एरियर्स की राशि जीपीएफ खाते में समायोजित करने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा के नियम तत्काल जारी करने, सेवानिवृत्ति पर 300 दिवस का अवकाश नगदीकरण लागू करने, संविदा, दैनिक वेतनभोगी एवं अनियमित कर्मचारियों का नियमितीकरण, शिक्षक एल.बी. संवर्ग को प्रथम नियुक्ति तिथि से समस्त सेवा लाभ प्रदान करने तथा अनुकम्पा नियुक्ति में 10 प्रतिशत की सीमा समाप्त करने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।
छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन में पेंशनरों को नियमित कर्मचारियों के समान देय तिथि से महंगाई राहत, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, 70 वर्ष की आयु से 20 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन, माननीय उच्च न्यायालय के आदेशानुसार छठवें एवं सातवें वेतनमान के एरियर का भुगतान, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का लाभ, राज्य पेंशनर्स कल्याण मंडल का पुनर्गठन तथा सभी जिला मुख्यालयों में पेंशनर्स भवन (सियान सदन) के निर्माण की मांग प्रमुख रूप से शामिल थी।
पेंशनर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष श्री पंकज नायक एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष श्री रामचंद्र तांडी ने संयुक्त रूप से कहा कि कर्मचारियों एवं पेंशनरों की ये सभी मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इन पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिए जाने से लाखों कर्मचारियों, पेंशनरों एवं उनके परिवारों को राहत मिलेगी तथा शासन की जनकल्याणकारी प्रतिबद्धता और अधिक सुदृढ़ होगी।
इस अवसर पर माननीय विधायक श्री पुरंदर मिश्रा एवं श्री सुनील सोनी ने ज्ञापन में उल्लिखित कर्मचारी एवं पेंशनर्स की समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा की तथा इन मांगों के शासन स्तर पर शीघ्र एवं सकारात्मक निराकरण हेतु हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।ज्ञापन सौंपने के अवसर पर तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष रामचंद्र तांडी, पीतांबर पटेल, आलोक जाधव, नारायण बाघ, महेंद्र सिंह बघेल, साहिल मुदलियार, शुभम भट्ट, पं. विनोद शर्मा, जाहिद पाशा, मनोज सोना, वंदना फोफसे, विवेक रोकड़े, हिलेश्वर प्रसाद बंजारी, कविता भोई, टिकेंद्र साहू, आशा चेलक, ललिता जांगड़े, सागर मुदलियार, ओमप्रकाश धीवर, संतोष कुमार सोनी, चांद सिंह निर्मलकर, कौशल साहू, मनोज साहू, जतिन सोना तथा पेंशनर्स एसोसिएशन की ओर से जिलाध्यक्ष पंकज नायक, प्रांतीय महामंत्री उमेश मुदलियार, सचिव बेनी राम गायकवाड़, कोषाध्यक्ष बी.पी. कुरील, सलाहकार राकेश त्रिवेदी, केदारनाथ अग्रवाल, वाय.आर. सोनी, संभागीय अध्यक्ष विमल कुंडू, प्रदीप चौधरी, विनोद शर्मा सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स सदस्य उपस्थित थे।
दोनों संघों की ओर से संयुक्त रूप से प्रेस विज्ञप्ति सचिव बेनी राम गायकवाड़ ने जारी की है।
