स्वामी आत्मानंद विद्यालय में शिक्षा गुणवत्ता पर विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न

स्वामी आत्मानंद विद्यालय में शिक्षा गुणवत्ता पर विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न

पंडरिया -स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विकासखंड स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रधान पाठकों एवं शिक्षकों को शिक्षा विभाग की प्राथमिकताओं से अवगत कराते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर विशेष जोर दिया।उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी अपनी कक्षा के अनुरूप दक्ष होना चाहिए ।

शासन एवं शिक्षा विभाग की अपेक्षा है कि कक्षा तीसरी का प्रत्येक बच्चा अपनी पाठ्यपुस्तक धाराप्रवाह पढ़ सके तथा कक्षा छठवीं का प्रत्येक विद्यार्थी अंग्रेजी की पुस्तक पढ़ने में सक्षम हो। इसके लिए विद्यालय स्तर पर नियमित अभ्यास एवं सतत मूल्यांकन सुनिश्चित किया जाए।बैठक में निर्देश दिए गए कि प्रत्येक प्रधान पाठक के पास पाठ्यक्रम योजना उपलब्ध रहे तथा निर्धारित माह के भीतर पाठ्यक्रम पूर्ण कराया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विषय बंधन की भावना से ऊपर उठकर सभी शिक्षक आवश्यकता पड़ने पर अन्य विषयों का भी अध्यापन करने में सक्षम हों। यदि किसी शिक्षक को किसी विषय के अध्यापन में कठिनाई आती है तो वे विभाग को अवगत कराएं, ताकि आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके।विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों से किसी प्रकार का कार्य न कराया जाए। सभी शिक्षक स्वयं अनुशासन, स्वच्छता एवं शिक्षण व्यवस्था का दायित्व निभाएं। उन्होंने प्रार्थना सभा को भी प्रभावी बनाने तथा विद्यार्थियों को आवश्यक प्रार्थनाएं एवं गतिविधियां नियमित रूप से कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र का पाठ्यक्रम दिसंबर तक पूर्ण किया जाना है तथा आगामी शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल से प्रारंभ होगा। सभी विद्यालय समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करें।बैठक के अंत में विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि उनके विद्यालय निरीक्षण के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता, कक्षा-कक्ष की व्यवस्था, प्रत्येक कक्षा में समय-सारिणी का प्रदर्शन, शिक्षकों का परिचय, सुव्यवस्थित शैक्षणिक वातावरण तथा विद्यार्थियों के सीखने का स्पष्ट प्रभाव दिखाई देना चाहिए।

उन्होंने सभी शिक्षकों से इन बिंदुओं पर गंभीरता से कार्य करने का आह्वान किया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?