गनियारी के हाई-हायर सेकेंडरी स्कूल तीजन बाई के नाम पर होगा – मंत्री गजेन्द्र यादव
शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने दिवंगत तीजन बाई को श्रद्धांजलि
दुर्ग। केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव दिवंगत तीजन बाई के गृहग्राम गनियारी स्थित उनके निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि दिए। इसके उपरांत अंतिम यात्रा में शामिल हुए और दाह संस्कार कार्यक्रम तक उपस्थित रहे। शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की अप्रतिम धरोहर, पद्मविभूषण से सम्मानित एवं विश्वविख्यात पंडवानी की अप्रतिम साधिका डॉ. तीजन बाई के निवास पहुँचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दिए।
उन्होंने कहा कि दिवंगत डॉ. तीजन बाई ने अपने अद्वितीय कला-साधना, ओजस्वी वाणी और आजीवन समर्पण से छत्तीसगढ़ की लोकधारा को वैश्विक मंच पर विशिष्ट पहचान दिलाई। उनका निधन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक चेतना के एक स्वर्णिम अध्याय का विराम है। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों और असंख्य प्रशंसकों को संबल प्रदान करे। उन्होंने कहा कि डॉ. तीजन बाई का संपूर्ण जीवन हमारी लोकपरंपराओं, संस्कृति और कला के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित रहा।
उनकी साधना आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को विश्वभर में स्थापित करने में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। शिक्षा मंत्री ने की घोषणा श्रद्धांजलि सभा में शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने दिवंगत डॉ. तीजन बाई के सम्मान में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि उनके गृहग्राम गनियारी स्थित हाई-हायर सेकेंडरी स्कूल का नामकरण “डॉ. तीजन बाई शासकीय हाई-हायर सेकेंडरी विद्यालय, गनियारी” के नाम से किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का यह निर्णय छत्तीसगढ़ की लोककलाकार के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगा तथा आने वाली पीढ़ियों को उनकी प्रेरणादायी जीवनयात्रा और सांस्कृतिक योगदान से निरंतर प्रेरणा मिलती रहेगी।
