महिलाओं के भरोसे पर डाका! 267 खाताधारकों से ₹1.11 करोड़ की धोखाधड़ी, 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार
सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक से जुड़े ऋण प्रकरण में बड़ा फर्जीवाड़ा, कंपनी में जमा नहीं की गई ग्राहकों की किस्त और लोन क्लोजर की रकम, अन्य आरोपियों की तलाश जारी।
दुर्ग/धमधा। दुर्ग जिले के धमधा में महिलाओं को ऋण दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक से संबद्ध सेव फाइनेंशियल मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड की धमधा शाखा में 267 महिला ग्राहकों से वसूली गई ₹1 करोड़ 11 लाख 93 हजार 173 की राशि का गबन कर लिया गया। मामले में धमधा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, कंपनी के प्रतिनिधि अशोक कुमार वर्मा ने 4 जुलाई को थाना धमधा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ऑडिट के दौरान शाखा प्रबंधक और कर्मचारियों द्वारा ग्राहकों से प्राप्त ऋण की किस्त एवं लोन क्लोजर की राशि कंपनी के खाते में जमा नहीं किए जाने का खुलासा हुआ।कंपनी ने संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर राशि जमा करने का अवसर दिया, लेकिन उन्होंने न तो पैसा लौटाया और न ही कोई जवाब दिया।
विस्तृत ऑडिट में सामने आया कि 267 ग्राहकों से वसूली गई कुल ₹1.11 करोड़ से अधिक की राशि का आपराधिक षड्यंत्र के तहत गबन कर धोखाधड़ी की गई।मामले में थाना धमधा में अपराध क्रमांक 176/2026 के तहत धारा 316(5), 318(4) एवं 61(2) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपीअनिल विश्वकर्मा (23 वर्ष), निवासी साजा, जिला बेमेतरा।संदीप कुमार खूंटीहरे (31 वर्ष), निवासी पाटन, जिला दुर्ग।पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है तथा इस आर्थिक अपराध में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।दुर्ग पुलिस की अपीलदुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी वित्तीय संस्था से जुड़े लेन-देन केवल अधिकृत माध्यमों से करें।
यदि कहीं भी वित्तीय अनियमितता या धोखाधड़ी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। आर्थिक अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
