‘एक पौधा बेटी के नाम’ अभियान के तहत 15 नवजात बच्चियों की माताओं को भेंट किए गए पौधे
दुर्ग। स्व. पांडुरंग रामाराव जिला चिकित्सालय के अंतर्गत संचालित मातृत्व एवं शिशु विभाग के तृतीय तल में ‘एक पौधा बेटी के नाम’ अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर 15 नवजात बच्चियों की माताओं को पौधे भेंट किए गए और बेटियों के सम्मान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना, उनके सम्मान एवं महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा रूढ़िवादी मानसिकता को समाप्त करने का संदेश देना है।
साथ ही पौधों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को प्रेरित करना भी इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।उल्लेखनीय है कि ‘एक पौधा बेटी के नाम’ अभियान विगत कई माह से जीवन दीप समिति के आजीवन सदस्य एवं सत्य साईं सेवा समिति के जिला चिकित्सा प्रभारी दिलीप ठाकुर द्वारा संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से नवजात बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने और उनके नाम पर पौधरोपण कर प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया जा रहा है।
इस अवसर पर दिलीप ठाकुर, सीताराम ठाकुर, संजय खानखोजे, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, के.आर. मुदलियार सहित वार्ड की सिस्टर माधुरी, सिस्टर सुमन, सिस्टर दीपिका एवं गार्ड सतीश का सक्रिय योगदान रहा। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बेटियां परिवार और समाज की अनमोल धरोहर हैं तथा आज हर क्षेत्र में देश के विकास में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं।
