कामधेनु विश्वविद्यालय में युवा महोत्सव ‘अंजोर-2026’ का भव्य शुभारंभ, विद्यार्थियों ने बिखेरी प्रतिभा की छटा
दुर्ग। दाऊ श्री वासुदेव चन्द्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय, दुर्ग में दो दिवसीय अंतरमहाविद्यालयीन युवा महोत्सव ‘अंजोर-2026’ का शुभारंभ 19 नवंबर को हर्षोल्लास के साथ हुआ। 19 एवं 20 नवंबर तक आयोजित इस महोत्सव में विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।कुलपति डॉ. आर.आर.बी. सिंह के मार्गदर्शन एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. दुर्गा चौरसिया के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. अशोक कुमार पटेल सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण द्वारा ‘योगा फॉर हेल्थ एजिंग मैन्यूल-2026’ का विमोचन भी किया गया।महोत्सव में पशुचिकित्सा महाविद्यालय अंजोरा, दुग्ध प्रौद्योगिकी महाविद्यालय रायपुर एवं मात्स्यिकी महाविद्यालय कवर्धा के विद्यार्थियों ने समूह एवं एकल नृत्य, लाइट वोकल, देशभक्ति गीत, समूहगान, माइम और एकल नाटक जैसी प्रतियोगिताओं में आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। वहीं कोलाज, कार्टूनिंग, पोस्टर मेकिंग, रंगोली एवं क्ले मॉडलिंग जैसी कला प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कुलपति डॉ. सिंह ने कहा कि युवा महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ उनमें रचनात्मक एवं कलात्मक गुणों का विकास करना है। ऐसे आयोजन स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, सामूहिकता और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देते हैं तथा विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहने की प्रेरणा देते हैं।इस अवसर पर विश्वविद्यालय के 18 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को ICAR-2026 के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर की संस्थाओं में स्नातक एवं स्नातकोत्तर अध्ययन के लिए चयनित होने पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. अशोक कुमार पटेल एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. दुर्गा चौरसिया ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रजनी फ्लोरा कुजूर एवं डॉ. शबीर अनंत ने किया। आयोजन सचिव एवं क्रीड़ा अधिकारी ए.बी.एस. दीवान ने आभार व्यक्त किया।
