12 किलो से अधिक डोडा चूरा के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई
दुर्ग। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ दुर्ग पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना पदमनाभपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 किलो 330 ग्राम अवैध डोडा चूरा के साथ एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नगदी रकम भी जप्त की है। जप्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 84 हजार 959 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि लाल शर्ट पहने एक युवक बोरसी चौक स्थित शीतला मंदिर के पास बैग में अवैध डोडा चूरा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही थाना पदमनाभपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम महेंद्र बिश्नोई उम्र 24 वर्ष निवासी जिला फलोदी राजस्थान बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 12 किलो 330 ग्राम अवैध डोडा चूरा और 1500 रुपये नगद बरामद किए गए।
मामले में थाना पदमनाभपुर में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध मादक पदार्थ की बिक्री कर आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से तस्करी कर रहा था।दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
