दुर्गा मंदिर वार्ड समेत कई वार्डों में 11 केवी हाईटेंशन लाइन हटाने विधायक देवेंद्र यादव ने दिए निर्देश
वार्ड 46 दुर्गा मंदिर वार्ड में विधायक देवेंद्र ने किया भेंट मुलाकात
भिलाई। दुर्गा मंदिर वार्ड सहित नगर निगम भिलाई के खुर्सीपार जोन 4 क्षेत्र के कई वार्डों में वर्षों से लोगों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बने हाईटेंशन बिजली तारों को हटाने की दिशा में विधायक देवेंद्र यादव लगातार प्रयासरत हैं। शनिवार को विधायक देवेंद्र यादव ने प्रभावित वार्डों का दौरा कर मौके का मुआयना किया तथा स्थानीय नागरिकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं।
क्षेत्र के नागरिकों ने बताया कि हाईटेंशन तार काफी नीचे होने के कारण लोग अपने घरों का निर्माण तक नहीं करा पा रहे हैं। कई जगहों पर जान का खतरा बना हुआ है और पूर्व में दो से तीन दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों ने पूर्व में विधायक देवेंद्र यादव से मुलाकात कर समाधान की मांग की थी।विधायक देवेंद्र यादव ने इस मामले को विधानसभा में ध्यानाकर्षण के माध्यम से प्रमुखता से उठाया था। इसके साथ ही बिजली कंपनी को नोटिस जारी कर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए थे।
विधायक ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष से वे लगातार इस समस्या के समाधान के लिए प्रयास कर रहे हैं, ताकि लोगों को राहत मिल सके और भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका समाप्त हो।मौका मुआयना के दौरान विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वार्ड क्रमांक 39, 40, 42, 45, 46 एवं 49 सहित प्रभावित क्षेत्रों में नीचे लटक रहे 11 केवी हाईटेंशन तारों को प्राथमिकता के आधार पर हटाने अथवा शिफ्ट करने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि बीएसपी क्षेत्र होने के कारण तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं लंबी हैं, लेकिन क्षेत्रवासियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए वे लगातार संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समस्या के स्थायी समाधान तक उनका प्रयास जारी रहेगा। जल्द ही तारों को हटाया जाएंगा।
