विधानसभा में गूंजा जल जीवन मिशन का मुद्दा, बैकुंठपुर की पानी टंकियों और पाइपलाइन निर्माण पर सरकार का जवाब
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन जल जीवन मिशन के तहत बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र में पानी टंकियों और पाइपलाइन निर्माण का मामला सदन में गूंजा। विधायक भैयालाल राजवाड़े ने योजना के कार्यों में गाइडलाइन का पालन नहीं किए जाने का मुद्दा उठाते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव से जवाब मांगा।मंत्री अरुण साव ने सदन में बताया कि बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 928 पानी टंकियों के निर्माण को स्वीकृति दी गई है।
इनमें से 751 टंकियों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि 170 टंकियां निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा 447 योजनाओं के माध्यम से जल आपूर्ति शुरू कर दी गई है।उन्होंने बताया कि पानी टंकी निर्माण के लिए अब तक 6,635.92 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जबकि 6,418.90 लाख रुपये का भुगतान शेष है।मंत्री ने सदन को आश्वस्त करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के सभी कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों और प्रावधानों के अनुसार कराए जा रहे हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विभाग को अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। यदि भविष्य में कोई शिकायत मिलती है, तो उसकी विधिवत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
