दुर्ग जिले में पहली बार स्कूली बच्चों के लिए आयोजित हुआ ‘न्योता भोजन’जन समर्पण सेवा संस्था ने 300 से अधिक विद्यार्थियों को कराया पौष्टिक भोजन, कॉपी-पेन भी वितरितदुर्ग। शहर की जन समर्पण सेवा संस्था ने बुधवार को दुर्ग जिले में पहली बार स्कूली बच्चों के लिए ‘न्योता भोजन’ का आयोजन किया।

सरदार वल्लभभाई पटेल प्राथमिक शाला, लाल बहादुर प्राथमिक शाला और सरदार पटेल आत्मानंद अंग्रेजी विद्यालय के 300 से अधिक विद्यार्थियों को स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन परोसा गया।पोषण निर्माण योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों को पूड़ी, दाल, चावल, पनीर की सब्जी, हरी सब्जी, मिष्ठान और नमकीन परोसा गया। भोजन की व्यवस्था श्रीराम कैटर्स के राम भाऊ ने की।

भोजन के बाद विद्यार्थियों को कॉपी और पेन भी वितरित किए गए।कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा भोजन मंत्र के उच्चारण से हुई। संस्था के अध्यक्ष एवं सरदार पटेल स्कूल के पूर्व छात्र योगेंद्र शर्मा ‘बंटी’ ने विद्यालय के गौरवशाली इतिहास से बच्चों को परिचित कराया। उन्होंने बताया कि वर्ष 1903 में स्थापित यह विद्यालय छत्तीसगढ़ का सबसे प्राचीन विद्यालय है तथा वर्ष 1933 में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी भी यहां आए थे। उन्होंने बच्चों को शिक्षा और संस्कार का महत्व भी बताया।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने जन समर्पण सेवा संस्था के मानव सेवा, गौ सेवा एवं सामाजिक कार्यों की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के न्योता भोजन कार्यक्रम जिले के अन्य स्कूलों में भी आयोजित होने चाहिए, जिससे बच्चों में समानता, सहभागिता और सामाजिक सद्भाव की भावना मजबूत हो।
कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी नेम सिंह साहू, सहायक एपीसी समग्र शिक्षा डॉ. शशिभूषण शर्मा, शहरी स्रोत केंद्र समन्वयक, स्कूल प्रबंधन समिति के प्रतिनिधि, तीनों विद्यालयों के प्रधानपाठक, जनप्रतिनिधि, संस्था के पदाधिकारी, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
