चलते ट्रक में सफर कर कोरबा पहुंचा दुर्लभ फ्लाइंग स्नेक, समय रहते हुआ सुरक्षित रेस्क्यू
टीपी नगर ट्रक स्टैंड में सांप दिखने से मचा कौतूहल, सर्प मित्र ने की पहचान
कोरबा। टीपी नगर स्थित ट्रक स्टैंड में शुक्रवार को उस समय लोगों के बीच कौतूहल का माहौल बन गया, जब एक ट्रक चालक को बेहद खूबसूरत और रंग-बिरंगा सांप दिखाई दिया। सांप का रंग-रूप सामान्य सांपों से काफी अलग था। चालक अनिल निषाद भी सांप को पहचान नहीं सके और तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी।वन विभाग की सूचना पर सर्प मित्र अविनाश यादव मौके पर पहुंचे और सांप की पहचान फ्लाइंग स्नेक (Flying Snake) के रूप में की।
दुर्लभ प्रजाति का सांप होने के कारण मौके पर मौजूद लोगों में इसे लेकर काफी उत्सुकता देखने को मिली। सर्प मित्र ने सुरक्षित तरीके से सांप का रेस्क्यू किया।ट्रक के साथ तय किया लंबा सफरबताया जा रहा है कि ट्रक सामान लेकर धरमजयगढ़, छाल और घरघोड़ा होते हुए कोरबा पहुंचा था। संभावना जताई जा रही है कि फ्लाइंग स्नेक रास्ते में किसी स्थान से ट्रक पर चढ़ गया होगा और चलते ट्रक के साथ सफर करते हुए कोरबा तक पहुंच गया।
बिना पंखों के हवा में ग्लाइड करता है फ्लाइंग स्नेकफ्लाइंग स्नेक प्रकृति की बेहद अनोखी प्रजातियों में शामिल है। नाम भले ही ‘उड़ने वाला सांप’ है, लेकिन यह पक्षियों की तरह पंखों से उड़ान नहीं भरता। यह पेड़ों की ऊंचाई से अपने शरीर को चपटा कर हवा में ग्लाइड करते हुए एक पेड़ से दूसरे पेड़ तक पहुंचता है।समय रहते सांप का रेस्क्यू हो जाने से उसे सुरक्षित बचा लिया गया।
इस अनोखी घटना को देखने के लिए ट्रक स्टैंड में लोगों की भीड़ भी जुट गई।
