शिक्षा मंत्री के साथ बैठक खत्म: विभागीय TET पर सरकार राजी, सेवा सुरक्षा का मिला आश्वासन
रायपुर, 26 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में TET को लेकर आंदोलनरत शिक्षकों के लिए बुधवार को बड़ी राहत की खबर सामने आई है। शिक्षक संगठनों के साथ हुई बैठक में शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों के लिए विभागीय TET आयोजित कराने पर सरकार की सहमति जताई है। साथ ही शिक्षकों की सेवा सुरक्षा को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिया गया है।करीब 20 से 25 मिनट चली बैठक में TET सहित शिक्षकों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को विभागीय TET की प्रक्रिया तैयार करने के निर्देश दिए।
सरकार का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित योग्यता के दायरे में शिक्षकों को लाने के लिए विभागीय परीक्षा का विकल्प अपनाया जा सकता है।प्रमोशन में TET की अनिवार्यता पर फैसला बाकी बैठक में पदोन्नति में TET की अनिवार्यता का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इस पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि मामले में विधि विभाग से राय लेना जरूरी है। विधि विभाग से चर्चा के बाद ही इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल इस मुद्दे पर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।वित्तीय मांगों पर वित्त मंत्री से होगी चर्चा शिक्षकों की विभिन्न वित्तीय मांगों को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई।
शिक्षा मंत्री ने आश्वासन दिया कि इन मांगों पर जल्द ही वित्त मंत्री से चर्चा की जाएगी। शिक्षक संगठनों से भी अपनी वित्तीय मांगें वित्त मंत्री के समक्ष रखने को कहा गया है।शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने बताया सकारात्मक कदमबैठक के बाद शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रांतीय संचालक केदार जैन, वीरेंद्र दुबे और संजय शर्मा ने सरकार के रुख को सकारात्मक बताया। शिक्षक नेताओं ने कहा कि विभागीय TET को लेकर सरकार की सहमति महत्वपूर्ण है और इससे TET से प्रभावित शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ी है।
शिक्षक नेताओं ने कहा कि उनकी पांच प्रमुख मांगों पर बैठक में चर्चा हुई। उनका कहना है कि अब सरकार को केवल आश्वासन तक सीमित न रहते हुए विभागीय TET की प्रक्रिया जल्द शुरू करनी चाहिए, ताकि शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।अब विभागीय TET की प्रक्रिया पर नजरहालांकि विभागीय TET की तारीख, पाठ्यक्रम, पात्रता और परीक्षा की विस्तृत प्रक्रिया अभी सामने नहीं आई है। शिक्षा विभाग द्वारा प्रक्रिया तैयार किए जाने के बाद इन बिंदुओं पर तस्वीर साफ होगी।
फिलहाल शिक्षक संगठनों की नजर सरकार के अगले कदम पर है। विभागीय TET कराने की सहमति को शिक्षक आंदोलन के बीच बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है।
