नवरात्रि पर सेवा की मिसाल: करणी सेना ने 21 नवजात बच्चियों की माताओं को बांटी चाइल्ड किट
दुर्ग। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर जहां श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना और भक्ति में लीन हैं, वहीं सेवा और समर्पण की भावना के साथ सामाजिक कार्यों का सिलसिला भी जारी है। इसी कड़ी में करणी सेना के दुर्ग जिला अध्यक्ष नीलू सिंह के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय दुर्ग के मातृत्व एवं शिशु विभाग में 21 नवजात बच्चियों की माताओं को चाइल्ड किट वितरित की गई।नवरात्रि के छठे दिन मां कात्यायनी की आराधना के अवसर पर आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में पंचमी तिथि को जन्मी बच्चियों की माताओं को चाइल्ड किट प्रदान की गई।
कार्यक्रम जिला चिकित्सालय के मातृत्व एवं शिशु विभाग के तृतीय तल पर सिविल सर्जन डॉ. ए.के. मिंज की गरिमामय उपस्थिति में संपन्न हुआ।इस पहल का उद्देश्य नवजात बच्चियों की माताओं को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना और बेटी के जन्म के प्रति सकारात्मक संदेश देना रहा। नीलू सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने नवरात्रि के दौरान सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।कार्यक्रम में संजय सिंह और आरुषि का सक्रिय योगदान रहा। वहीं जीवन दीप समिति के आजीवन सदस्य दिलीप ठाकुर, कार्यकारिणी सदस्य विजय ताम्रकार तथा ओम सत्यम शिक्षण एवं जन विकास समिति के अध्यक्ष सीताराम ठाकुर का विशेष सहयोग रहा।
अस्पताल स्टाफ की ओर से माधुरी साहू, इंचार्ज सरस्वती केवट, दीपिका यादव, लक्ष्मी अंचल, प्रदीप कुमार, स्मिता तिवारी, शीतल, ड्रेसर सहित वार्ड के सुरक्षा गार्डों ने भी सहयोग प्रदान किया।उल्लेखनीय है कि करणी सेना के दुर्ग जिला अध्यक्ष नीलू सिंह द्वारा समय-समय पर सेवा, रचनात्मकता और सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों से जुड़े कार्य किए जाते रहे हैं। नवरात्रि के अवसर पर नवजात बच्चियों की माताओं को चाइल्ड किट वितरित करने की यह पहल समाज में बेटियों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सेवा भावना को प्रोत्साहित करने वाला कदम है।
