मुंगेली को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की 465 करोड़ की सौगात, 77 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

मुंगेली को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की 465 करोड़ की सौगात, 77 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, 3100 रुपए प्रति क्विंटल मिलेगा मूल्य; किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की मिलेगी आदान सहायता

मुंगेली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि गांव, गरीब, किसान, मजदूर, माताओं-बहनों और युवाओं का सर्वांगीण विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसी दिशा में राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए लगातार काम कर रही है।मुख्यमंत्री शुक्रवार को मुंगेली जिले के ग्राम कंतेली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जिले को 465 करोड़ 40 लाख रुपए से अधिक की लागत के 77 विकास कार्यों की सौगात दी।

इनमें 68 करोड़ रुपए से अधिक के 24 पूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 397 करोड़ रुपए से अधिक के 53 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास शामिल है।सड़क, सिंचाई और पेयजल सुविधाओं का होगा विस्तारमुख्यमंत्री ने कहा कि मुंगेली जिले में विकास को नई गति देने के लिए अधोसंरचना पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लगभग 143 करोड़ रुपए की लागत से 25 सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। वहीं अमृत मिशन 2.0 के तहत 203 करोड़ रुपए से अधिक की जल प्रदाय योजना की शुरुआत की गई है।

इसके अलावा जल संसाधन विभाग के 40 करोड़ रुपए से अधिक के 11 कार्यों का लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं से आवागमन, पेयजल और सिंचाई सुविधाओं में विस्तार होगा।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम कंतेली में महाविद्यालय भवन और पंचायत भवन निर्माण, ग्राम देवरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका तथा ग्राम कोदवा से खुर्शी तक सड़क मरम्मत एवं निर्माण की घोषणा भी की।15 नवंबर से धान खरीदी, 3100 रुपए प्रति क्विंटल मिलेगा मूल्यमुख्यमंत्री ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए कहा कि प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी।

किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। इस वर्ष किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इन्हें मिलाकर प्रदेश में लगभग 3100 केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की व्यवस्था की गई है।उन्होंने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपए की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके लिए निर्धारित पूरी मात्रा में धान बेचना अनिवार्य नहीं होगा। किसानों को सत्यापित रकबे और निर्धारित पात्रता के आधार पर सहायता का लाभ मिलेगा।

महतारी वंदन से 68 लाख महिलाओं को आर्थिक संबल मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के तहत अब तक 33 किस्तों में 21 हजार 340 करोड़ रुपए महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण परिवार और समाज की मजबूती का आधार है।मुख्यमंत्री ने श्रीरामलला दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से प्रदेश के श्रद्धालुओं, विशेषकर वरिष्ठजनों को अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर मिल रहा है।

वहीं आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है। सेवा सेतु पोर्टल और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को घर बैठे शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।सौर ऊर्जा और डिजिटल सेवाओं को बढ़ावामुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्यघर बिजली योजना का जिक्र करते हुए कहा कि पात्र उपभोक्ताओं को घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए सब्सिडी दी जा रही है। इससे बिजली खर्च में राहत मिलने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण तभी संभव है, जब प्रदेश का प्रत्येक जिला, गांव और परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े।

शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई, पेयजल और रोजगार के अवसरों का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।उपमुख्यमंत्री अरुण साव बोले- मुंगेली में तेजी से हो रहे विकास कार्यकार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने मुंगेली जिले को मिली विकास कार्यों की सौगात पर जिलेवासियों को बधाई दी। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में मुंगेली जिले में सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने बताया कि मुंगेली नगरीय निकाय क्षेत्र के लिए एक हजार करोड़ रुपए से अधिक की स्वीकृति मिल चुकी है।

मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता राशि एवं सामग्री वितरित की।इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?