कबीरधाम पुलिस की तत्परता — ग्राम सुखताल में युवक की हत्या के दो घंटे भीतर आरोपी गिरफ्तार

कबीरधाम पुलिस की तत्परता — ग्राम सुखताल में युवक की हत्या के दो घंटे भीतर आरोपी गिरफ्तार

कबीरधाम। ग्राम सुखताल में हुई युवक की हत्या के मामले में कबीरधाम पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए मात्र दो घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सजगता और अपराध नियंत्रण की प्रतिबद्धता एक बार फिर साबित हुई है।घटना 24 अक्टूबर 2025 की रात थाना कवर्धा क्षेत्र के ग्राम सुखताल में हुई। पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति की अज्ञात हमलावर द्वारा हत्या कर दी गई है।

प्रार्थी मुकेश वर्मा पिता देवदत्त (28 वर्ष), निवासी ग्राम सुखताल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात में उनके घर के पास परछी में किसी अज्ञात व्यक्ति ने एक युवक पर हमला किया। भय के कारण परिवार ने खिड़की से पूरी घटना देखी। घटना के बाद घायल व्यक्ति घर के सामने खून से लथपथ पाया गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।मृतक की पहचान विनोद साहू पिता मोहित साहू (27 वर्ष), निवासी ग्राम सिंघनपूरी, चौकी पोड़ी, थाना बोड़ला के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक का अपने ही चाचा, आरोपी विश्वनाथ साहू पिता सोनू राम (35 वर्ष) के परिवार की एक महिला सदस्य से अवैध संबंध को लेकर विवाद चल रहा था।

इसी विवाद के चलते आरोपी ने गुस्से में आकर मृतक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।सूचना मिलते ही थाना कवर्धा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को मात्र दो घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के मार्गदर्शन तथा डीएसपी कृष्णा चंद्राक के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश कश्यप, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक महेश प्रधान एवं उनकी टीम की सक्रिय भूमिका रही।

टीम में उप निरीक्षक रघुवंश पाटिल, सहायक उप निरीक्षक कौशल साहू, राजकुमार चंद्रवंशी, आरक्षक अजय वैष्णव, हिरेंद्र साहू, संतोष बांधेकर, धर्मेंद्र मरावी एवं साइबर सेल टीम का विशेष योगदान रहा।कबीरधाम पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद या मतभेद को हिंसा में न बदलने दें। किसी संदिग्ध व्यक्ति या घटना की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून के विरुद्ध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?