बेदखली की कार्रवाई के डर से पीएम आवास योजना के हितग्राहियों ने चुकाई पाँच वर्ष पुरानी बकाया किश्त
दुर्ग, 15 दिसम्बर।नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बकाया किश्त वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाया गया है। आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर निगम क्षेत्र के सुयश बिल्डिंकॉम परिसर में स्थित पीएम आवास योजना के दो आवासों के हितग्राहियों से लगभग पाँच वर्षों से लंबित किश्त की राशि वसूल की गई।
निगम रिकॉर्ड के अनुसार संबंधित हितग्राही लंबे समय से किश्त का भुगतान नहीं कर रहे थे। बार-बार नोटिस और समझाइश के बावजूद जब राशि जमा नहीं की गई, तब निगम प्रशासन ने अतिक्रमण अधिकारी परमेश्वर के नेतृत्व में अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम के साथ मौके पर पहुँचकर बेदखली की कार्रवाई प्रारंभ की।कार्रवाई के दौरान प्रारंभ में हितग्राहियों द्वारा भुगतान को लेकर टालमटोल किया गया, लेकिन जब आवास खाली कराने की प्रक्रिया शुरू हुई, तो बेदखली के भय से दोनों हितग्राही—श्रीमती पुनीता देवी एवं श्रीमती दौलावती देवी—ने निगम में कुल ₹30,000 की बकाया किश्त राशि तत्काल जमा कराई।इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना शाखा की टीम मौके पर मौजूद रही और आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूर्ण की गई।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जो हितग्राही समय पर किश्त का भुगतान नहीं करेंगे, उनके विरुद्ध आगे भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई एवं बेदखली की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।निगम का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ दिलाने के साथ-साथ योजना में वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करना है।
