अफीम के अंतर्राज्यीय नेटवर्क पर दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग | 17 जनवरी 2026नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना भिलाई नगर पुलिस ने अफीम की खरीदी-बिक्री से जुड़े अंतर्राज्यीय नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में अब तक कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 जनवरी 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि महाराणा प्रताप चौक, सेक्टर-06 भिलाई के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से अफीम रखकर उसकी बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद थाना भिलाई नगर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी बलवीर सिंह, निवासी सेक्टर-06 भिलाई को गिरफ्तार किया।आरोपी के कब्जे से 205 ग्राम अफीम, एक मोबाइल फोन, अपराध में प्रयुक्त मोटर साइकिल एवं नकदी सहित कुल अनुमानित कीमत ₹80,500 की सामग्री जप्त की गई।
आरोपी के विरुद्ध थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 22/2026 धारा 22(ख) नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।पूछताछ के दौरान आरोपी बलवीर सिंह ने खुलासा किया कि वह अफीम की खरीदी-बिक्री रामबाबू के माध्यम से करता था तथा अफीम की सप्लाई स्वरूप सोनी द्वारा की जाती थी। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया और उन्हें भी न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।गिरफ्तार आरोपियों मेंरामबाबू उर्फ कैम्बो (45 वर्ष), निवासी सेक्टर-06 भिलाई तथास्वरूप सोनी (28 वर्ष), निवासी गीदम, जिला दंतेवाड़ा शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में अंतर्राज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और अफीम के मुख्य स्रोत की पतासाजी जारी है।
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध सख्त और निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
