मिडिल स्कूल गांगपुर में वार्षिकोत्सव एवं प्रधान पाठक शालिनी राम का गरिमामय विदाई समारोह सम्पन्न
गांगपुर।शासकीय मिडिल स्कूल गांगपुर में आयोजित वार्षिकोत्सव एवं प्रधान पाठक श्रीमती शालिनी राम के सम्मान में आयोजित विदाई समारोह शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक चेतना का प्रभावशाली संगम बनकर उभरा। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावक, ग्रामवासी एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन, दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। मंच पर संकुल प्राचार्य श्री दीपक ठाकुर सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।मुख्य अतिथि जनपद सदस्य श्री थानेश्वर जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजनों से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है तथा समाज में व्याप्त कुरीतियों के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम सरपंच श्री रसपाल टेकाम ने की। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं अनुशासित वातावरण की सराहना की।
वार्षिकोत्सव के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नशा मुक्ति पर आधारित नाटक कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। नाटक के माध्यम से नशे से होने वाले पारिवारिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। इसके अतिरिक्त लोकनृत्य, देशभक्ति गीत, समूह एवं एकल नृत्य जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उल्लासमय बना दिया।इसी क्रम में संकुल प्राचार्य श्री दीपक ठाकुर द्वारा उपस्थितजनों को नशा मुक्ति शपथ दिलाई गई। शपथ के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामवासियों ने नशे से दूर रहने, दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
विदाई समारोह में प्रधान पाठक श्रीमती शालिनी राम के कार्यकाल पर वक्ताओं ने विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की। उनके मार्गदर्शन में विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को नई दिशा मिली। विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।अपने उद्बोधन में श्रीमती शालिनी राम ने विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों एवं ग्रामवासियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मिडिल स्कूल गांगपुर उनके जीवन का अविस्मरणीय अध्याय रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम का संचालन शिक्षकों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
अंत में आभार प्रदर्शन के साथ समारोह का समापन हुआ।इस अवसर पर सप्रे सर, देशमुख सर, मरावी कर, मरकाम कर, सोनी सर, पांडे सर, देवांगन कर, खांडे सर, अंसारी सर, कृषे सर सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।यह आयोजन शिक्षा, संस्कृति एवं नशा मुक्ति जैसे सामाजिक संदेशों के कारण लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा।
