रायपुरा के मां कन्हाई परमेश्वरी मंदिर में चैत्र नवरात्रि का भव्य शुभारंभ, 126 मनोकामना ज्योत प्रज्वलित
रायपुर, 19 मार्च 2026। रायपुरा स्थित मां कन्हाई परमेश्वरी मंदिर में चैत्र नवरात्रि पर्व का शुभारंभ गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ हुआ। प्रथम दिवस प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना, जस सेवा और भजन-कीर्तन का आयोजन होता रहा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।शुभ मुहूर्त में समाज के वरिष्ठजनों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति में विधिवत मनोकामना ज्योत प्रज्वलित की गई। माता रानी के भव्य श्रृंगार के बाद बड़ी संख्या में भक्तों ने दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इसके पश्चात आरती, पूजन और प्रसाद वितरण किया गया।परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी समाजजनों ने लगभग 126 मनोकामना ज्योत प्रज्वलित कर अपनी आस्था व्यक्त की। श्रद्धालुओं ने माता रानी से समाज की उन्नति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।पूरे दिन मंदिर परिसर में जस सेवा, भजन-कीर्तन और जयकारों से माहौल गुंजायमान रहा, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और आनंद की अनुभूति हुई।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ कहार भोई समाज महासभा के नव निर्वाचित सचिव संजय बनवासी, रायपुरा पार्षद महेन्द्र औसर, युवा संगठन रायपुर के मनीष बोयर एवं नरेन्द्र भोई सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
यह आयोजन समाज की एकता, श्रद्धा और सांस्कृतिक परंपराओं का सशक्त प्रतीक बनकर सामने आया।
