दुर्ग में 36 घंटे से बारिश का कहर, नदियां उफान पर; परसदा में बाढ़ के बीच SDRF ने बचाईं 55 जिंदगियां
दुर्ग। चक्रवात के असर से दुर्ग जिले में लगातार 36 घंटे से अधिक समय से हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। निचली बस्तियों में बारिश का पानी घुसने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं, जबकि कुछ स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
इसी बीच कुम्हारी थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा में बाढ़ का पानी अचानक बस्तियों में घुस गया, जिसके चलते करीब 50 से 55 ग्रामीण बाढ़ के बीच फंस गए। हालात की गंभीरता को देखते हुए 25 सितंबर की रात करीब 11:15 बजे आपातकालीन नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली।सूचना मिलते ही नगर सेना एवं SDRF दुर्ग की टीम मोटर बोट, लाइफ जैकेट, लाइफ रिंग, रेस्क्यू रोप और सर्च लाइट के साथ मौके के लिए रवाना हुई।
रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक करीब 5 घंटे का सघन नाइट रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।घने अंधेरे और तेज बहाव के बीच SDRF जवानों ने मोटर बोट के जरिए जलमग्न घरों तक पहुंच बनाई। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों समेत 50 से 55 ग्रामीणों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।सुबह 5 बजे तक चले इस मैराथन रेस्क्यू ऑपरेशन में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
लगातार बारिश के कारण जिले में नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर और निचले इलाकों की स्थिति पर प्रशासन एवं रेस्क्यू टीमों की नजर बनी हुई है।
