हत्या के प्रयास का मामला: कॉलोनी में कार चढ़ाने वाला आरोपी गिरफ्तार, कई वाहन क्षतिग्रस्त
दुर्ग, 28 मार्च 2026। थाना जामुल क्षेत्र में हत्या के प्रयास और तोड़फोड़ की गंभीर घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने देर रात कॉलोनी में खड़ी गाड़ियों को टक्कर मारकर नुकसान पहुंचाया और प्रार्थी को वाहन से कुचलने का प्रयास किया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मंजीत सिंह, निवासी आम्रपाली वनांचल सिटी भिलाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 28 मार्च की रात लगभग 2:30 बजे आरोपी लखन साहू ने उनकी स्कार्पियो (CG 04 NR 9009) को चालू कर कॉलोनी में खड़ी 5-6 अन्य गाड़ियों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।
जब प्रार्थी ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को रोकने की कोशिश की, तब आरोपी ने उन्हें जान से मारने की नियत से वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। हालांकि, समय रहते हट जाने से कोई जनहानि नहीं हुई।मामले में थाना जामुल में अपराध क्रमांक 192/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।गिरफ्तार आरोपी लखन साहू (55 वर्ष), निवासी कुरूद रोड कोहका, भिलाई, जिला दुर्ग है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन को जप्त कर लिया है।पुलिस के अनुसार, आरोपी ने आक्रोश और असामाजिक प्रवृत्ति के चलते इस घटना को अंजाम दिया।इस कार्रवाई में थाना जामुल के थाना प्रभारी निरीक्षक रामेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक कृत्य की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
