सीएसआर पहल के तहत दिव्यांगजनों को मिली नई राह, ट्राईसिकल व श्रवण यंत्र वितरित

दुर्ग। समाज कल्याण विभाग दुर्ग के सहयोग से एनटीपीसी-सेल पावर कंपनी लिमिटेड द्वारा दुर्ग एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के दिव्यांगजनों के लिए ट्राईसिकल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हितग्राही एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।इस अवसर पर कंपनी ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) योजना के तहत बैटरी संचालित ट्राईसिकल एवं श्रवण यंत्र वितरित किए। इन उपकरणों से दिव्यांगजनों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही उनका जीवन अधिक सहज, आत्मनिर्भर और सम्मानजनक बनेगा।कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास समाज के कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने एनटीपीसी-सेल पावर कंपनी लिमिटेड को इस जनहितकारी कार्य के लिए साधुवाद दिया।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे, महापौर श्रीमती अलका बाघमार, सभापति श्री श्याम शर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री पवन शर्मा, जिला उपाध्यक्ष श्री शिवेंद्र परिहार सहित कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इसके अलावा पार्षदगण एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की भी सक्रिय भागीदारी रही।महाप्रबंधक श्री नील कुमार शर्मा सहित कंपनी के अधिकारियों ने हितग्राहियों से संवाद कर उन्हें उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी।यह कार्यक्रम न केवल दिव्यांगजनों के जीवन में बदलाव लाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति कॉर्पोरेट जगत की प्रतिबद्धता का भी उदाहरण है।
