महापौर अलका बाघमार का लुचकी तालाब निरीक्षण, सफाई व अतिक्रमण हटाने के निर्देश

महापौर अलका बाघमार का लुचकी तालाब निरीक्षण, सफाई व अतिक्रमण हटाने के निर्देश

दुर्ग नगर पालिक निगम की महापौर अलका बाघमार ने शनिवार सुबह शहर के प्रमुख जलस्रोत लुचकी तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तालाब की साफ-सफाई, गहरीकरण और समग्र विकास कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।महापौर ने तालाब के चारों ओर भ्रमण कर व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की और कहा कि लुचकी तालाब शहर की महत्वपूर्ण धरोहर है, जिसके संरक्षण और सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता देना आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र विकास कार्य प्रारंभ करने के निर्देश देते हुए नागरिकों को बेहतर पर्यावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया।निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 8 स्थित गुजराती धर्मशाला के पास भवानी ट्रेडर्स द्वारा सड़क सीमा क्षेत्र में रेत और गिट्टी रखकर व्यवसाय किए जाने पर महापौर ने नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल सामग्री हटाने के निर्देश देते हुए 3,000 रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। वहीं नाली के ऊपर कबाड़ रखकर अतिक्रमण करने वाले एक अन्य कारोबारी पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।महापौर ने स्पष्ट किया कि बाजार क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, इसलिए यातायात और स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखना निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।उन्होंने अधिकारियों को शहर में नियमित निरीक्षण अभियान जारी रखने और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?