मनगटा के 150 एकड़ ग्रीन बेल्ट में चला बुलडोजर, 50 से अधिक फार्म हाउस ध्वस्त

मनगटा के 150 एकड़ ग्रीन बेल्ट में चला बुलडोजर, 50 से अधिक फार्म हाउस ध्वस्त

दुर्ग-राजनांदगांव। जिले में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मनगटा क्षेत्र के करीब 150 एकड़ ग्रीन बेल्ट और कृषि भूमि पर बने अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चला दिया। बुधवार को प्रशासनिक टीम ने जेसीबी की मदद से 50 से अधिक फार्म हाउस, बाउंड्रीवाल, सड़क और अन्य अवैध संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया। साथ ही संबंधित भूमि स्वामियों और कॉलोनाइजरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।

कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर एसडीएम गौतम पाटिल और तहसीलदार प्यारेलाल नाग के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने मनगटा, बघेरा और शूराडबरी क्षेत्र में कार्रवाई की। प्रशासन के अनुसार, बिना डायवर्सन, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग और रेरा की अनुमति के कृषि भूमि को अवैध रूप से प्लाटों में बदला जा रहा था। इन प्लाटों पर सड़क, गेट, बाउंड्रीवाल और रिसॉर्ट जैसी संरचनाएं भी बनाई गई थीं।मनगटा क्षेत्र अपनी प्राकृतिक सुंदरता और हिरण अभ्यारण्य के लिए प्रसिद्ध है।

पर्यटन क्षेत्र होने के कारण यहां भू-माफियाओं द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध प्लाटिंग की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बनाए गए मुख्य प्रवेश द्वार, तार फेंसिंग, मैरिज हॉल, रिसॉर्ट और मुरूम सड़कों को भी तोड़ दिया गया तथा जमीन को मूल स्वरूप में लाने के लिए सड़कें खोद दी गईं।प्रशासन ने इस मामले में कई भूमि स्वामियों पर कार्रवाई की है। इनमें पंकज जैन, नेहा महाजन, प्रमोद चौधरी, शालिनी साहू, हिमांशु कुमार, सीमा मौर्य और राघवेन्द्र सिंह सहित अन्य के खसरों पर अवैध निर्माण पाए गए।

कुल मिलाकर लगभग 150 एकड़ क्षेत्र में अवैध कब्जा और प्लाटिंग हटाई गई।जिला प्रशासन ने संबंधित पटवारी धनसिंह कोमरे और आरआई अवधराम ठाकुर को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्रशासन ने साफ कहा है कि अवैध निर्माण को बढ़ावा देने या समय पर जानकारी नहीं देने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर जितेंद्र यादव ने चेतावनी दी है कि जिले में कहीं भी बिना अनुमति अवैध प्लाटिंग या निर्माण पाए जाने पर आगे भी इसी तरह बुलडोजर कार्रवाई और कानूनी कार्यवाही जारी रहेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?