दुर्ग में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग संपन्न12 विषयों पर वक्ताओं ने दिए मार्गदर्शन, संगठन सशक्त बनाने पर जोर

भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत दुर्ग जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन सोमनी टोल प्लाजा के पास स्थित सचिता लॉन में जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक के नेतृत्व में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में विभिन्न विषयों पर 12 सत्र आयोजित किए गए, जिसमें वक्ताओं ने संगठनात्मक मजबूती, विचारधारा, सोशल मीडिया, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
द्वितीय दिवस के सप्तम सत्र में भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने “कार्य पद्धति समझना, अपनाना और व्यवहार में लाना” विषय पर संबोधन दिया। वहीं आठवें सत्र में सुनील पिल्लई ने बूथ प्रबंधन, मन की बात और आईटी विषय पर जानकारी साझा की।नवम सत्र में तेज पाल शर्मा ने सोशल मीडिया, नई तकनीक, एआई और प्रभावी सूचना तंत्र पर अपने विचार रखे। मीडिया प्रबंधन विषय पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा ने कार्यकर्ताओं को मीडिया समन्वय के गुर बताए।
दशम सत्र में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पांडेय ने विचार परिवार विषय पर संबोधन दिया, जबकि एकादश सत्र में प्रशिक्षण विभाग के प्रदेश संयोजक डॉ. अवधेश जैन ने “हमारा सैद्धांतिक अधिष्ठान” विषय पर पार्टी की विचारधारा और एकात्म मानववाद की अवधारणा पर विस्तार से प्रकाश डाला।समापन सत्र में कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं और उनके क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका पर संबोधन देते हुए कहा कि भाजपा का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि और जनधन योजना जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।गजेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं तथा संगठन की जिम्मेदारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने की है। वहीं डॉ. अवधेश जैन ने भाजपा की विचारधारा को राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक राष्ट्रचेतना और अंत्योदय पर आधारित बताते हुए कार्यकर्ताओं से वैचारिक रूप से सशक्त बनने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण वर्ग का संचालन जिला महामंत्री दिलीप साहू ने किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, चंद्रिका चंद्राकर, शिवेंद्र परिहार, राजेंद्र पाध्ये, तेखन सिन्हा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
