खेतों और पंचायत ट्यूबवेल से कॉपर वायर चोरी करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, 225 मीटर वायर बरामद

खेतों और पंचायत ट्यूबवेल से कॉपर वायर चोरी करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, 225 मीटर वायर बरामद

दुर्ग जिले के थाना पुलगांव पुलिस ने खेतों और ग्राम पंचायत क्षेत्रों में लगे ट्यूबवेल से कॉपर वायर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वालों के कब्जे से करीब 225 मीटर कॉपर वायर एवं अन्य विद्युत सामग्री बरामद की है। लगातार चोरी की घटनाओं में संलिप्त पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध की धाराओं के तहत भी कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार ग्राम चंगोरी निवासी तुलसीराम देशमुख ने 25 मार्च 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके खेत में लगे ट्यूबवेल से लगभग 100 मीटर कॉपर वायर चोरी हो गया है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर चंदू लोहार, वासु यादव और शंकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार करते हुए वायर को रायपुर निवासी सहल उद्दीन को बेचने की जानकारी दी। पुलिस ने सहल उद्दीन के कब्जे से करीब 100 मीटर कॉपर वायर बरामद किया।

इसी तरह 25 मई 2026 को ग्राम अंजोरा के सरपंच संतोष सारथी ने पंचायत तालाब स्थित ट्यूबवेल से लगभग 90 मीटर कॉपर वायर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच में आरोपियों ने चोरी का वायर रायपुर मौदहापारा निवासी जय नारायण को बेचने की बात कबूली। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 90 मीटर कॉपर वायर जप्त किया।वहीं थाना पुलगांव के एक अन्य मामले में आरोपियों ने 20 मई 2026 को ग्राम पीछेकर क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों से ट्यूबवेल के कॉपर वायर चोरी करना भी स्वीकार किया।

इस मामले में पुलिस ने करीब 35 मीटर वायर बरामद किया है।पुलिस के मुताबिक आरोपी आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से खेतों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे ट्यूबवेल के कॉपर वायर चोरी करते थे। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 317 और संगठित अपराध की धारा 112 के तहत भी कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस ने आम नागरिकों से खेतों, पंचायत परिसरों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे विद्युत उपकरणों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?