तेज धूप में ड्यूटी निभाते हुए यातायात पुलिस की महिला नव आरक्षक ने पेश की मानवता की मिसाल
दुर्ग। भीषण गर्मी और 45 से 46 डिग्री तापमान के बीच जहां आमजन गर्म हवाओं से परेशान हैं, वहीं यातायात पुलिस के जवान लगातार चौराहों पर डटे रहकर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसी बीच यातायात पुलिस दुर्ग की महिला नव आरक्षक केशर साहू ने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की।जानकारी के अनुसार, बुधवार को राजेंद्र पार्क चौक में ड्यूटी के दौरान महिला नव आरक्षक केशर साहू ने एक वृद्ध महिला को प्यास से व्याकुल अवस्था में देखा।
वृद्ध महिला की हालत को देखते हुए उन्होंने तत्काल अपने पास उपलब्ध पानी से उन्हें राहत पहुंचाई। महिला आरक्षक की इस संवेदनशील पहल की वहां मौजूद लोगों ने सराहना की।यातायात पुलिस दुर्ग लगातार भीषण गर्मी में शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न चौक-चौराहों पर मुस्तैदी से ड्यूटी कर रही है। पुलिसकर्मी न केवल यातायात संचालन कर रहे हैं, बल्कि जरूरतमंद लोगों की मदद कर सामाजिक जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं।
महिला नव आरक्षक केशर साहू के इस मानवीय कार्य से नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और सम्मान की भावना और अधिक मजबूत हुई है।दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि भीषण गर्मी के दौरान पर्याप्त पानी का सेवन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और जरूरतमंद एवं असहाय लोगों की सहायता के लिए आगे आएं।
