घर में काम करने वाली महिला निकली चोर, 12.22 लाख के जेवरात व सामान जब्त नेवई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महिला समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
दुर्ग। नेवई थाना पुलिस ने घर में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए घर में काम करने वाली महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 12 लाख 22 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, नगदी, मोबाइल एवं घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी दुर्गा प्रसाद नागपुरे निवासी आशीष नगर पश्चिम रिसाली, भिलाई ने 26 मई 2026 को थाना नेवई में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर की आलमारी में रखे सोने के गहने चोरी हो गए हैं। चोरी गए सामान में सोने का हार, मांगटीका, नथनी, हाथ के कड़े, मंगलसूत्र तथा कान के तीन जोड़ी टॉप्स शामिल थे।प्रकरण में अपराध क्रमांक 337/2026 धारा 305(A), 331 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को घर में काम करने वाली महिला मालती ध्रुव पर संदेह हुआ।
पूछताछ में मालती ध्रुव ने अपने पति देवीलाल ध्रुव एवं जीजा हेमलाल मंडावी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।आरोपी मालती ध्रुव ने बताया कि उसने 19 अप्रैल 2026 को प्रार्थी के घर की आलमारी से गहनों की चोरी की थी। चोरी किए गए कुछ जेवरात को मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखकर लोन भी लिया गया था। पुलिस ने गिरवी रखे जेवरों की रसीद, मोबाइल फोन एवं अन्य सामान जब्त किया है।
पुलिस ने आरोपियों से लगभग 4 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, 10 हजार रुपये नगद, मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखे 7.47 लाख रुपये मूल्य के जेवरात की स्लिप, एक एक्टिवा वाहन एवं तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं।गिरफ्तार आरोपियों में मालती ध्रुव (33 वर्ष), देवीलाल ध्रुव (35 वर्ष) एवं हेमलाल मंडावी (47 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपियों को 28 मई 2026 को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
पूरे मामले की कार्रवाई में थाना नेवई के निरीक्षक अनिल कुमार साहू, उप निरीक्षक सुरेन्द्र तारम, आरक्षक रवि बिसाई, प्यारे लाल, विजय कुर्रे, महिला आरक्षक कीर्ति साहू तथा एसीसीयू टीम के एएसआई भारत यादव, प्रेम सिंह एवं आरक्षक रोहन दुबे की सराहनीय भूमिका रही।
