दुर्ग को मिली 737 करोड़ की विकास सौगात, नए कम्पोजिट भवन और आईटी पार्क का लोकार्पण
दुर्ग, 31 मई। सुशासन तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग जिले को लगभग 737 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करते हुए जिले में नवीन कम्पोजिट जिला कार्यालय भवन निर्माण की घोषणा की तथा अत्याधुनिक आईटी पार्क का लोकार्पण किया।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
प्रशासनिक सेवाओं को सरल और प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक अधोसंरचना का निर्माण किया जा रहा है। नए कम्पोजिट जिला मुख्यालय भवन में विभिन्न विभागों के कार्यालय एक ही परिसर में संचालित होंगे, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार केवल योजनाओं की समीक्षा का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान तक पहुंचने का अभियान है। सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
इस अवसर पर प्रदेश के शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नया कम्पोजिट जिला मुख्यालय भवन दुर्ग के विकास इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। लगभग 120 वर्ष पुराने प्रशासनिक भवन के स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन बनने से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, गति और सुगमता आएगी।मुख्यमंत्री ने जिले में स्थापित अत्याधुनिक आईटी पार्क का भी लोकार्पण किया।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करेगी तथा प्रदेश में तकनीकी विकास और निवेश को बढ़ावा देगी।मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि आईटी पार्क दुर्ग और आसपास के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगा। यहां स्टार्टअप, तकनीकी नवाचार और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में दुर्ग लगातार विकास, रोजगार और आधुनिक सुविधाओं का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। नए कम्पोजिट भवन और आईटी पार्क की सौगात जिले के विकास को नई दिशा देने वाली साबित होगी।
