रायपुर / मोदी सरकार के 12 साल पूरे, भाजपा ने शुरू किया प्रदेशव्यापी महाजनसंपर्क अभियान 21 जून तक चलेगा अभियान, जनता के बीच जाएंगे मुख्यमंत्री, सांसद और विधायक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने आज से पूरे प्रदेश में महाजनसंपर्क अभियान की शुरुआत कर दी है। यह अभियान 21 जून तक चलेगा, जिसके तहत पार्टी सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का काम करेगी।
अभियान के दौरान मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी सीधे जनता के बीच पहुंचकर संवाद करेंगे और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देंगे।भाजपा प्रदेश संगठन द्वारा तैयार किए गए कार्यक्रम के अनुसार 10 जून को सभी जिला मुख्यालयों में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए विकास प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इन प्रदर्शनी के माध्यम से बुनियादी ढांचे, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हितैषी योजनाओं तथा डिजिटल इंडिया जैसे प्रमुख विषयों को जनता के सामने रखा जाएगा।
अभियान के दूसरे चरण में 12 जून से 17 जून तक मंडल, ग्राम और बूथ स्तर पर संकल्प सभा, चौपाल और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में भाजपा कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे तथा आम लोगों से सुझाव और फीडबैक भी प्राप्त करेंगे। पार्टी का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही जनता से सीधा संवाद स्थापित करना है।भाजपा ने अभियान के अंतिम चरण को भी विशेष रूप से तैयार किया है। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में बड़े पैमाने पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इनमें जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता, सामाजिक संगठन और आम नागरिक शामिल होंगे। भाजपा का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने योग को वैश्विक पहचान दिलाई है और इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक आयोजन किए जाएंगे।प्रदेशभर में शुरू हुआ भाजपा का महाजनसंपर्क अभियान आगामी 21 जून तक विभिन्न चरणों में चलेगा।
इस दौरान संगठन गांव से लेकर शहर तक व्यापक जनसंपर्क कर केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच रखने का प्रयास करेगा।
