छत्तीसगढ़ में बढ़ते बिजली बिलों से आम जनता परेशान, सरकार तत्काल राहत दे-मुकेश साहू
दुर्ग जिला शहर कांग्रेस महामंत्री मुकेश साहू ने छत्तीसगढ़ में बिजली बिलों में लगातार हो रही बेतहाशा वृद्धि को लेकर सरकार को घेरा है मुकेश साहू का कहना है कि इस बिजली बिल में बेतहाशा वृद्धि से आम एवं गरीब परिवारों का जीवन कठिन होता जा रहा है। प्रदेश के अनेक गांवों और कस्बों में लोगों को प्रति माह 2,000 से 3,000 रुपये तक के बिजली बिल प्राप्त हो रहे हैं, जिससे उनके घरेलू बजट पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है।
एक ओर राज्य सरकार महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना के तहत प्रति माह 1,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान कर रही है, वहीं दूसरी ओर बिजली बिलों के रूप में आम परिवारों से कई गुना अधिक राशि वसूली जा रही है। ऐसी स्थिति में गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवार आर्थिक संकट का सामना करने को मजबूर हैं।बढ़ते बिजली बिलों को लेकर जनता में व्यापक असंतोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि महंगाई के इस दौर में घरेलू बिजली उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना जनहित के विपरीत है। यह स्थिति सरकार की आम जनता की समस्याओं के प्रति असंवेदनशीलता को दर्शाती है।
मुकेश साहू ने राज्य सरकार से मांग किया हैं कि बिजली दरों एवं बिलिंग व्यवस्था की तत्काल समीक्षा की जाए, बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच कराई जाए तथा घरेलू उपभोक्ताओं, विशेषकर गरीब एवं ग्रामीण परिवारों को राहत प्रदान की जाए। साथ ही बिजली बिलों में पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए।
जनहित में सरकार को शीघ्र प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि प्रदेश की जनता को बढ़ते बिजली बिलों के बोझ से राहत मिल सके और आम नागरिक सम्मानपूर्वक जीवनयापन कर सकें।
