सरस्वती साइकिल योजना से बेटियों के सपनों को मिली नई उड़ान, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ आत्मीय स्वागत
उरला, भिलाई। शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला उरला में सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत 34 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। साथ ही कक्षा पहली, छठवीं एवं नवमीं के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री प्रेम लाल साहू (प्रवक्ता, भाजपा जिला भिलाई) थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री ईश्वर साहू (पार्षद, उरला) ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री हरीश साहू (अध्यक्ष, शाला विकास एवं प्रबंधन समिति), श्री राम कुमार साहू (उपाध्यक्ष, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला भिलाई), श्री छन्नू बंजारे (अध्यक्ष – ग्राम विकास समिति उरला व वरिष्ठ भाजपा नेता), श्री अमर साहू (भाजपा नेता) एवं श्री अशोक साहू उपस्थित रहे।मुख्य अतिथि श्री प्रेम लाल साहू ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। सरस्वती साइकिल योजना केवल साइकिल वितरण की योजना नहीं, बल्कि बेटियों के आत्मविश्वास, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य को गति देने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की पहुँच सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने छात्राओं से नियमित अध्ययन, अनुशासन और कठिन परिश्रम के माध्यम से अपने माता-पिता, विद्यालय एवं प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालय का यह पहला कदम उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत शुरुआत है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री ईश्वर साहू ने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और व्यक्तित्व निर्माण की पाठशाला है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सफलता में अभिभावकों, शिक्षकों और समाज की समान भागीदारी आवश्यक है । उन्होंने सभी विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने तथा विद्यालय की गरिमा बनाए रखने का आग्रह किया। विशिष्ट अतिथि हरीश साहू ने कहा कि शिक्षा से बढ़कर कोई सम्पत्ति नहीं होती।
उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि विद्यालय परिवार बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है । उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित पढ़ाई और विद्यालय से सतत संपर्क बनाए रखने का आग्रह किया। छन्नू लाल बंजारे, राम कुमार साहू व अमर साहू ने भी संबोधित करते हुए सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रेषित किया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक महेश साहू ने किया तथा प्रधान पाठक श्री महेंद्र वर्मा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्राचार्य मंजू शुक्ला ,मेघा प्राजंले, चंद्र कुमार यादव, वर्षा देवांगन, ललिता किशोरी साहू, निशा चंद्राकर, वनिता बंजारे, सुषमा चंदोला, मुकेश सर, शत्रुघ्न सिह ठाकुर, शैलेंद्र साहू, देवांगन मैडम सहित विद्यालय परिवार, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन छात्र–छात्राओं के उज्जवल भविष्य की मंगलकामनाओं एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।
