दुर्ग में रेंज साइबर क्राइम थाने के नए भवन का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण, नशामुक्ति के लिए ‘संकल्प अभियान’ शुरू

35 लाख रुपये की लागत से बना साइबर थाना तीन जिलों दुर्ग, बालोद और बेमेतरा के मामलों की करेगा जांच, रुआबांधा पुलिस चौकी का भी हुआ उद्घाटन
दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को दुर्ग में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में दो महत्वपूर्ण पहल कीं। उन्होंने महिला थाना सेक्टर-6, भिलाई के समीप लगभग 35 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही रुआबांधा पुलिस चौकी का उद्घाटन और दुर्ग पुलिस के ‘संकल्प अभियान – नशा मुक्ति’ का शुभारंभ भी किया।
नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन दुर्ग रेंज के तीन जिलों दुर्ग, बालोद और बेमेतरा के क्षेत्राधिकार में काम करेगा। यहां ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया अपराध और अन्य तकनीक आधारित अपराधों की शिकायतों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जटिल साइबर अपराधों की विवेचना और डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण भी किया जाएगा। इससे साइबर ठगी के पीड़ितों को त्वरित सहायता मिलने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद है।लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने नए भवन का निरीक्षण किया और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने विजिटर बुक में शुभकामना संदेश भी दर्ज किया। वहीं रुआबांधा पुलिस चौकी शुरू होने से क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी और नागरिकों को पुलिस सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।नशे के खिलाफ तीन स्तरीय अभियानकार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दुर्ग पुलिस के ‘संकल्प अभियान – नशा मुक्ति’ का पोस्टर विमोचन कर अभियान की शुरुआत की। इसके तहत नशे के खिलाफ तीन स्तरों पर काम किया जाएगा। पहले चरण में गांव, वार्ड, स्कूल-कॉलेज और परिवारों तक जागरूकता पहुंचाई जाएगी। दूसरे चरण में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई होगी।
वहीं तीसरे चरण में नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार और पुनर्वास से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।इस अभियान में जिला प्रशासन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। दुर्ग पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार की सूचना देने के लिए एएनटीएफ हेल्पलाइन 94791-5151 तथा नशे से संबंधित सहायता के लिए मानस हेल्पलाइन 1933 की जानकारी भी दी।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील करते हुए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने की सलाह दी।
साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने कहा गया।कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य, जिला प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।दुर्ग पुलिस की इन पहलों को एक ओर बढ़ते साइबर अपराधों से निपटने के लिए तकनीकी क्षमता मजबूत करने और दूसरी ओर युवाओं को नशे से बचाने के लिए जनभागीदारी आधारित अभियान के रूप में देखा जा रहा है।
