कुलगाम में आतंकियों का कायराना हमला, छत्तीसगढ़ के एक मजदूर की गोली मारकर हत्या, एक गंभीर घायल

रायपुर/श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने एक बार फिर कायराना हरकत को अंजाम देते हुए मजदूरों पर हमला कर दिया। इस हमले में छत्तीसगढ़ के एक मजदूर दीपक रात्रे की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि भूपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा बलों ने हमलावर आतंकियों की तलाश में क्षेत्र की घेराबंदी कर व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
अधिकारियों के अनुसार आतंकियों को पकड़ने के लिए अभियान लगातार जारी है।जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही सुरक्षा एजेंसियों को आतंकियों के विरुद्ध अभियान और तेज करने के निर्देश भी दिए गए हैं।इस घटना के बाद छत्तीसगढ़ में भी शोक की लहर है।
राज्य के लोग मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं और घायल मजदूर के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हुई हैं।
