10वीं में 85 प्रतिशत अंक लाने वाली दर्शिता श्रीवास्तव सम्मानित, शिक्षा मंत्री ने भेंट किया कंप्यूटर सेट
गजेन्द्र यादव ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्रा कु. दर्शिता श्रीवास्तव को कंप्यूटर सेट प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान कार्यक्रम दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के गंजपारा स्थित कार्यालय में आयोजित किया गया।शंकर नगर निवासी श्री अश्वनी श्रीवास्तव की पुत्री दर्शिता श्रीवास्तव ने डीएवी हिंदी माध्यम स्कूल आर्यनगर, दुर्ग से कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 85 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
उनकी उपलब्धि पर शिक्षा मंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन ही सफलता की कुंजी है। सीमित संसाधनों के बावजूद यदि छात्र पूरे आत्मविश्वास और समर्पण के साथ आगे बढ़ें, तो वे बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।उन्होंने दर्शिता की सफलता को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि शिक्षा आज के समय की सबसे बड़ी शक्ति है और विद्यार्थी ही देश एवं समाज का भविष्य हैं।
प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि हर छात्र-छात्रा अपने सपनों को साकार कर सके।मंत्री ने दर्शिता को आगे की पढ़ाई पूरी मेहनत और लगन से जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया और भविष्य में माता-पिता, स्कूल एवं दुर्ग क्षेत्र का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी दर्शिता श्रीवास्तव को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
