सुशासन तिहार-2026: उतई में जन समस्या निवारण शिविर आयोजित, विधायक ललित चंद्राकर ने अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी
उतई, 16 मई 2026। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai की मंशानुरूप प्रदेश में सुशासन स्थापित करने और आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे “सुशासन तिहार-2026” के अंतर्गत शुक्रवार को नगर पंचायत उतई कार्यालय परिसर में वृहद जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) Lalit Chandrakar मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ललित चंद्राकर ने लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, राजस्व, खाद्य, पंचायत एवं समाज कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण की स्थिति की जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा के भीतर पारदर्शी तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि सुशासन तिहार को केवल औपचारिकता न बनाया जाए, बल्कि इसे जनता के विश्वास का प्रतीक बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी या कर्मचारी जनता को बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगवाएगा या अपने कार्य में लापरवाही बरतेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ जनता को राहत पहुंचाना है।
जब गरीब हितग्राहियों का राशन कार्ड, पेंशन या आयुष्मान कार्ड तत्काल बनता है और किसानों की समस्याओं का समाधान मौके पर होता है, तभी “मोदी की गारंटी” और “विष्णु के सुशासन” की सार्थकता सिद्ध होती है।अपने संबोधन में विधायक चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने मोदी की गारंटी के अधिकांश वादों को पूरा कर लिया है और प्रदेश में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में विकास की गति दोगुनी हुई है तथा उतई नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल और सामुदायिक भवन जैसे अनेक विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं, जबकि कई कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और सुशासन तिहार इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।गर्भवती महिलाओं को वितरित की गई “गर्भवती टोकरी”कार्यक्रम के दौरान विधायक ललित चंद्राकर महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर पहुंचे, जहां उन्होंने गर्भवती महिलाओं नीलम मंडावी, बिना गोस्वामी और खेमिन साहू को सुपोषण आहार युक्त “गर्भवती टोकरी” भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ माता से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है और प्रदेश सरकार जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य को लेकर संवेदनशील है।
बड़ी संख्या में नागरिक रहे उपस्थितशिविर में जिला कलेक्टर Abhijeet Singh, नगर पंचायत उतई अध्यक्ष सरस्वती नरेन्द्र साहू, उपाध्यक्ष शिवनारायण देशमुख, एसडीएम हरिवंश मिरी, तहसीलदार दिवान, सभापति सोनू राजपूत, मंडल महामंत्री चंदू देवांगन, उतई सोसायटी अध्यक्ष फत्तेलाल वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विधायक ललित चंद्राकर ने नागरिकों से शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराने और शासकीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
