लखपति दीदी मंजू की संघर्ष गाथा बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लेमरू में चखा मंजू बहन के हाथों का गुपचुप, सराहा आत्मनिर्भरता का सफर
रायपुर, 16 मई 2026।सुशासन तिहार के अंतर्गत कोरबा जिले के लेमरू प्रवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने ग्रामीण महिलाओं की आत्मनिर्भरता और संघर्ष की प्रेरक कहानी से रूबरू होते हुए लखपति दीदी श्रीमती मंजू के स्टॉल पर पहुंचकर उनके हाथों से बने गुपचुप का स्वाद लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंजू बहन से आत्मीय संवाद कर उनके संघर्ष और सफलता की कहानी जानी।ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी श्रीमती मंजू ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्होंने बेहद छोटे स्तर से अपने व्यवसाय की शुरुआत की थी।
गुपचुप स्टॉल से हुई बचत और लगातार मेहनत के दम पर आज वे भवन निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाली सेंटरिंग प्लेट के व्यवसाय से भी जुड़ चुकी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद मंजू ने अपने हौसले, परिश्रम और आत्मविश्वास से आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम की है।मुख्यमंत्री श्री साय ने मंजू बहन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना महिलाओं के आत्मविश्वास, सम्मान और आर्थिक मजबूती का मजबूत आधार बन रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रीमती मंजू को लखपति दीदी योजना के अंतर्गत 30 हजार रुपये का प्रोत्साहन चेक भी प्रदान किया। उन्होंने कहा कि जब मेहनत को अवसर और हौसले को सहारा मिलता है, तब बदलाव केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे गांव और समाज में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई देता है।
