दुर्ग निगम के 60 वार्डों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त, अब हर दिन होगी मॉनिटरिंग
दुर्ग, 16 मई। नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा शहर के सभी 1 से 60 वार्डों में नागरिक सुविधाओं की निगरानी और समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह व्यवस्था निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर लागू की गई है।बताया गया है कि माननीय सचिव द्वारा आयोजित समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन में यह निर्णय लिया गया। नियुक्त नोडल अधिकारियों को अपने-अपने वार्डों में सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, विद्युत संबंधी समस्याओं सहित अन्य जनसुविधाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आयुक्त सुमित अग्रवाल ने सभी नोडल अधिकारियों को प्रतिदिन अपने प्रभार वाले वार्डों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही वार्डों में प्राप्त शिकायतों, समस्याओं और उनके निराकरण से संबंधित प्रतिवेदन प्रतिदिन आयुक्त कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा गया है, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।नगर निगम प्रशासन का मानना है कि इस पहल से वार्ड स्तर पर कार्यों की निगरानी मजबूत होगी, अधिकारियों की जवाबदेही बढ़ेगी तथा नागरिकों को बेहतर और समयबद्ध सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
