हरिनगर में 16.38 लाख की RCC नाली-पुलिया निर्माण का भूमिपूजन, जलभराव से मिलेगी राहत
दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा वार्ड क्रमांक 59 कातुलबोर्ड हरिनगर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए बेनडाले डेयरी के पास से गंगा सिरमौल के घर तक आर.सी.सी. नाली एवं पुलिया निर्माण कार्य का भूमिपूजन महापौर अलका बाघमार द्वारा किया गया। इस निर्माण कार्य पर 16.38 लाख रुपये की लागत आएगी।भूमिपूजन कार्यक्रम में लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, पार्षद नीलम शिवेंद्र परिहार, रंजीता पाटिल, सुरूचि उमरे, युवराज कुंजाम, अरुण सिंह, शिवेंद्र परिहार, मनमोहन शर्मा, करण करोसिया सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के सभी वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर जल निकासी व्यवस्था के लिए आर.सी.सी. नाली एवं पुलिया निर्माण कार्य महत्वपूर्ण साबित होगा और इससे बारिश के दौरान क्षेत्रवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।महापौर ने कहा कि निगम प्रशासन जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप लगातार विकास कार्य कर रहा है और वार्डवासियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण निगम की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता एवं समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए।कार्यक्रम के दौरान महापौर अलका बाघमार ने पार्षद नीलम शिवेंद्र परिहार एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ वार्ड क्षेत्र का निरीक्षण कर साफ-सफाई, जल निकासी व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
वहीं, वार्डवासियों ने क्षेत्र में विकास कार्य स्वीकृत होने पर महापौर एवं निगम प्रशासन के प्रति आभार जताया।
