कोंडागांव में मंत्री के काफिले के साथ बड़ा हादसा, बाल-बाल बचे केदार कश्यप

कोंडागांव। वन मंत्री केदार कश्यप के काफिले के साथ रविवार को बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। हादसे में मंत्री केदार कश्यप बाल-बाल बच गए, जबकि उनके पीए समेत पांच पुलिस जवान घायल बताए जा रहे हैं।जानकारी के मुताबिक मंत्री का काफिला फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर आ रहा था। इसी दौरान जूनवानी के पास सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री की कार को जोरदार टक्कर मारी।
इसके बाद स्कॉर्पियो फॉलो वाहन से जा टकराई।टक्कर इतनी जोरदार थी कि फॉलो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सवार पुलिस जवानों और मंत्री के पीए को चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए कोंडागांव जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस स्कॉर्पियो चालक से पूछताछ कर हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।
