रक्षाबंधन पर बीएसएफ जवानों की कलाई पर बंधा रक्षा-सूत्र, बहनों ने जताया सम्मान

भिलाई / रक्षाबंधन के पावन अवसर पर रिसाली स्थित सामरिक मुख्यालय (विशेष-संक्रिया), बीएसएफ छत्तीसगढ़ में स्नेह, सम्मान और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभिन्न सामाजिक एवं महिला संगठनों से जुड़ी महिलाओं ने बीएसएफ के अधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर रक्षा-सूत्र बांधकर उनके साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा के प्रति सम्मान व्यक्त किया।कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद की धर्मपत्नी श्रीमती रजनी बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

विशिष्ट अतिथियों में दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, एनजीओ प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश संयोजक दिनेश सिंह, दुर्ग जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष तृप्ति चंद्राकर, भिलाई जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष स्वीटी कौशिक, समाजसेवी विनिता मनीष पांडे, आरोग्य भारती की छत्तीसगढ़ प्रांत अध्यक्ष डॉ. मानसी गुलाटी तथा ब्रह्माकुमारीज भिलाई केंद्र की आशाबहन उपस्थित रहीं।इस दौरान महिलाओं ने जवानों को तिलक लगाकर राखी बांधी और उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा सुरक्षित जीवन की मंगलकामना की।
जवानों ने भी बहनों के आत्मीय स्नेह और सम्मान को श्रद्धा के साथ स्वीकार करते हुए आभार व्यक्त किया।बीएसएफ अधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्र की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के दौरान परिसर में देशभक्ति और पारिवारिक आत्मीयता का भावपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
रक्षा-सूत्र का यह आयोजन देश के रक्षकों और समाज के बीच विश्वास, सम्मान और भाईचारे के मजबूत रिश्ते का प्रतीक बना।
