शहीदों की स्मृति में सोनपुर में बनेगी शौर्य वाटिका, 37 शहीद परिवारों का सम्मान
दुर्ग, 20 अगस्त 2026। पाटन विकासखंड के ग्राम सोनपुर में जिले के वीर शहीदों की स्मृति को संजोने और उनके त्याग एवं शौर्य की गाथा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शौर्य वाटिका का भूमिपूजन किया गया। उपमुख्यमंत्री एवं गृह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में जिले के 37 शहीद परिवारों का सम्मान किया गया।लगभग एक एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही शौर्य वाटिका में शहीदों के नाम से उनके परिजनों द्वारा स्मृति वृक्ष लगाए गए।
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने पीपल का पौधा रोपित कर पौधरोपण की शुरुआत की।करीब 79 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पणकार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने लगभग 78.96 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें तालाब गहरीकरण, खेल मैदान, पहुंच मार्ग, शौचालय, चबूतरा, वृक्षारोपण एवं शेड निर्माण सहित अनेक कार्य शामिल हैं। वहीं मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के तहत 37.95 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड, आहता एवं शेड निर्माण कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।
शहीदों के बलिदान से बस्तर में शांति और विकासउपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में छत्तीसगढ़ के जवानों और बस्तर के लोगों ने बड़ी कीमत चुकाई है। उन्होंने शहीद जवानों एवं उनके परिवारों को नमन करते हुए कहा कि बस्तर में शांति स्थापित होने के बाद विकास की नई संभावनाएं खुली हैं। जिन क्षेत्रों में कभी नक्सल हिंसा के कारण स्कूल, अस्पताल, आंगनबाड़ी, बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचना मुश्किल था, वहां अब तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे में शहीद जवानों की वीरता और बलिदान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
आज उन्हीं क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा निकल रही है, जहां कभी जाना भी मुश्किल था। यह शांति और बदलाव का प्रतीक है।उपमुख्यमंत्री ने सोनपुर में शहीदों की स्मृति में शौर्य वाटिका के निर्माण की सराहना करते हुए कहा कि यहां जिले के शहीदों और उनके परिवारों के नाम से पौधरोपण किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके त्याग, साहस और शौर्य को सदैव याद रखें। उन्होंने सोनपुर के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।उन्होंने कहा कि मनरेगा सहित वीवीजी राम जी के माध्यम से रोजगार, कौशल विकास और अधोसंरचना निर्माण को गति दी जा रही है।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से योजनाबद्ध तरीके से गांव के विकास को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में सांसद श्री विजय बघेल ने भी शहीदों को नमन करते हुए शहीद परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर साजा विधायक श्री ईश्वर साहू, सरपंच श्री संत कुमार कुंभकार, सेवानिवृत्त शिक्षक श्री रामू राम चक्रधर, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक, श्री सुरेन्द्र कौशिक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
