पेंशनर्स एसोसिएशन ने विधायक श्री मोतीलाल साहू एवं श्री राजेश मूणत को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा
रायपुर, 09 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन, जिला शाखा रायपुर द्वारा राज्य के एक लाख से अधिक पेंशनरों एवं परिवार पेंशनरों की वर्षों से लंबित न्यायोचित मांगों के संबंध में विधायक श्री मोतीलाल साहू एवं श्री राजेश मूणत को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से दोनों विधायक महोदय से आग्रह किया गया कि वे पेंशनर्स की मांगों का समर्थन करते हुए अपनी अनुशंसा सहित ज्ञापन माननीय मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन को प्रेषित करें।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से पेंशनरों को राज्य के नियमित कर्मचारियों के समान देय तिथि से महंगाई राहत का भुगतान, कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना लागू करने, 80 वर्ष के स्थान पर 70 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर 20 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन प्रदान करने, माननीय छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के आदेशानुसार छठवें एवं सातवें वेतनमान के एरियर का शीघ्र भुगतान करने, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का लाभ पेंशनरों को भी प्रदान करने, राज्य पेंशनर्स कल्याण मंडल का पुनर्गठन कर नियमित बैठकें आयोजित करने तथा प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में पेंशनर्स भवन (सियान सदन) का निर्माण कराने की मांग की गई।
एसोसिएशन के प्रांतीय महामंत्री श्री उमेश मुदलियार एवं जिलाध्यक्ष श्री पंकज नायक ने संयुक्त विज्ञप्ति में बताया कि पेंशनर्स की सभी मांगें न्यायोचित एवं जनहित से जुड़ी हुई हैं। इन मांगों के निराकरण से प्रदेश के लाखों पेंशनरों एवं उनके परिवारों को राहत मिलेगी।दोनों विधायक श्री मोतीलाल साहू एवं श्री राजेश मूणत ने ज्ञापन में उल्लिखित मांगों पर गंभीरता से चर्चा करते हुए आश्वासन दिया कि पेंशनर्स एसोसिएशन के मांगपत्रों को अपनी सकारात्मक टिप्पणी सहित माननीय मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन को प्रेषित किया जाएगा तथा उनके निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
ज्ञापन सौंपने के अवसर पर एसोसिएशन के प्रांतीय महामंत्री उमेश मुदलियार, जिलाध्यक्ष पंकज नायक, सचिव बेनी राम गायकवाड़, कोषाध्यक्ष बी.पी. कुरील, उपाध्यक्ष प्यारेलाल सेन, सलाहकार राकेश त्रिवेदी, केदारनाथ अग्रवाल, वाय.आर. सोनी, संभागीय अध्यक्ष विमल कुंडू, प्रदीप चौधरी, श्री शर्मा सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स सदस्य उपस्थित थे।
