भगवान शिव की भक्ति में सराबोर हुआ दुर्ग, सैकड़ों भक्तों ने निकाली कांवड़ यात्रा शिवनाथ नदी से जल लेकर सत्तीश्वर महादेव पहुंचे श्रद्धालु, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा शहर

दुर्ग। सावन के पावन अवसर पर बुधवार को दुर्ग शहर भगवान शिव की भक्ति में सराबोर नजर आया। सत्तीचौरा में आयोजित कांवड़ यात्रा में सैकड़ों शिवभक्तों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। श्रद्धालु शिवनाथ नदी से जल लेकर पैदल सत्तीश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना एवं आरती की।कांवड़ यात्रा सुबह करीब 7 बजे शिवनाथ नदी तट से शुरू हुई और लगभग 10 बजे सत्तीचौरा स्थित सत्तीश्वर महादेव मंदिर पहुंची।
यात्रा प्रारंभ होने से पहले शिवनाथ नदी तट पर पंडित सुनील पांडेय ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती कराई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने शिवनाथ नदी से कांवड़ में जल भरा और भगवान शिव के जयघोष के साथ पैदल यात्रा शुरू की। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।कांवड़ यात्री पूरे मार्ग में “हर-हर महादेव”, “घर-घर महादेव” और “श्री शिवाय नमस्तुभ्यं” के जयघोष करते हुए आगे बढ़ते रहे। सत्तीश्वर महादेव मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया तथा आरती में शामिल हुए।
छोटे बच्चों ने भी उठाई कांवड़गंजपारा की कांवड़ यात्रा का विशेष आकर्षण छोटे बच्चे रहे। करीब 3 से 6 वर्ष की उम्र के 20 से अधिक बच्चों ने भी कांवड़ उठाकर शिवनाथ नदी से सत्तीश्वर महादेव मंदिर तक पैदल यात्रा की। बच्चे पूरे रास्ते उत्साह और भक्ति में झूमते हुए भगवान शिव का जयघोष करते रहे और मंदिर पहुंचकर शिवलिंग पर जल अर्पित किया।शिवनाथ नदी के संरक्षण का भी दिया संदेशआयोजकों के अनुसार कांवड़ यात्रा की तैयारियां दो दिन पहले से की जा रही थीं। यात्रा का उद्देश्य सावन में भगवान शिव पर जल चढ़ाने की धार्मिक परंपरा के साथ-साथ दुर्ग नगर की जीवनदायिनी शिवनाथ नदी के संरक्षण और उत्थान का संदेश देना भी रहा।
शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से निकली कांवड़ यात्राओं के चलते पूरे दुर्ग में भक्ति का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने अपने गांव, शहर और घरों में स्थित शिवलिंग पर जल अर्पित करने का संकल्प भी लिया।कांवड़ यात्रा में राजेश शर्मा, सुरेश गुप्ता, गुड्डू कश्यप, डब्बू चंद्रवंशी, योगेंद्र शर्मा, बंटी, मनोज गुप्ता, लाला, ललित शर्मा, मनीष सेन, प्रकाश सिन्हा, दिनेश शर्मा, सूर्यमणि मिश्रा, लक्की अग्रवाल, प्रकाश ठाकुर, मनोज श्रीवास्तव, राकेश महोबिया, सुजल शर्मा, सोनल सेन, ऋषि गुप्ता, मोहित पुरोहित, कृतज्ञ शर्मा, वाशु शर्मा, अनमोल पांडे, सार्थक शर्मा, वंशु पुरोहित, सिद्धू सेन, मोक्ष शर्मा, सुभाष शर्मा, हृदय शर्मा, विक्की शर्मा सहित सैकड़ों शिवभक्त उपस्थित रहे।
