मुख्यमंत्री से मिले शिक्षक संघ के प्रतिनिधि, TET पदोन्नति, D.El.Ed और वेतन विसंगति पर उठाई मांग
जशपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश विद्यालय शिक्षक संघ, जिला जशपुर के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने पहाड़ी कोरवा जनजाति के शिक्षकों को विभागीय D.El.Ed प्रशिक्षण, 2019 भर्ती के TET उत्तीर्ण शिक्षकों की पदोन्नति, पात्र शिक्षकों को कार्यवर्ष में नियमानुसार छूट तथा सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने की मांग प्रमुखता से रखी।

मुख्यमंत्री से हुई चर्चा के दौरान 2019 भर्ती के TET उत्तीर्ण सहायक शिक्षकों की पदोन्नति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पदोन्नति की प्रक्रिया माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुरूप ही पूरी की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल ने 5 वर्ष की सेवा पूर्ण नहीं करने वाले पात्र शिक्षकों को नियमानुसार कार्यवर्ष में छूट देने का भी आग्रह किया।

पहाड़ी कोरवा शिक्षकों के D.El.Ed पर सकारात्मक आश्वासनप्रतिनिधिमंडल ने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा शिक्षकों को विभागीय D.El.Ed कराने संबंधी पूर्व आवेदन का स्मरण पत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपा। मुख्यमंत्री ने पहाड़ी कोरवा शिक्षक समुदाय के प्रतिनिधि विजय कुमार और सुनीता बाई से विशेष नियुक्ति के संबंध में जानकारी ली तथा इस विषय पर आवश्यक कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया।
वेतन विसंगति के शीघ्र निराकरण की मांग शिक्षक संघ ने सहायक शिक्षकों की लंबे समय से लंबित वेतन विसंगति को जल्द दूर कर न्यायसंगत वेतनमान का लाभ देने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। पर्सनल सेक्रेटरी को दिए कार्रवाई के निर्देश मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनने के बाद अपने पर्सनल सेक्रेटरी को निर्देश दिए कि सभी मांगों का संज्ञान लेकर संबंधित विभाग को भेजा जाए और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस दौरान जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह भी उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार, जिला सचिव विजय कुमार पैंकरा, जिला कार्यकारिणी सदस्य मनोहर टोप्पो, कुनकुरी ब्लॉक अध्यक्ष कुसुम लता निषाद, पहाड़ी कोरवा शिक्षक समुदाय के प्रभारी विजय कुमार एवं सुनीता बाई शामिल रहे।प्रदेश विद्यालय शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष धरमदास बंजारे ने दूरभाष के माध्यम से प्रतिनिधिमंडल को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि शिक्षकों की लंबित मांगों पर शासन स्तर से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
