बैगा समाज संघ का बड़ा फैसला, कामु नेताम को सामाजिक सदस्यता और जिला अध्यक्ष पद से किया निष्कासित
समाज की मान-मर्यादा और प्रतिष्ठा सर्वोपरि, समस्त बैगा प्रमुखों एवं पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से लिया निर्णय
छत्तीसगढ़। विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समाज संघ, छत्तीसगढ़ ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए कामु नेताम को समाज की सामाजिक सदस्यता एवं कार्यकारिणी जिला अध्यक्ष पद से निष्कासित करने का निर्णय लिया है। यह फैसला समाज के समस्त बैगा प्रमुखों एवं सामाजिक पदाधिकारियों की सामूहिक सहमति से लिया गया है।समाज संघ द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कामु नेताम के विरुद्ध लूटपाट एवं डकैती जैसे गंभीर आपराधिक मामलों से जुड़े आरोप सामने आने को लेकर समाज के प्रमुखों ने गहरी चिंता व्यक्त की है। इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए समाज की छवि, मान-सम्मान एवं सामाजिक मर्यादा को ध्यान में रखकर यह कदम उठाया गया है।
बैगा समाज के प्रमुखों का कहना है कि बैगा समाज एक सम्मानित एवं गौरवशाली आदिवासी समाज है। समाज की मान-मर्यादा, प्रतिष्ठा, एकता और सम्मान सर्वोपरि है। किसी भी व्यक्ति के व्यक्तिगत कृत्यों अथवा आपराधिक गतिविधियों के आरोपों के कारण पूरे समाज की छवि प्रभावित नहीं होनी चाहिए।प्रेस विज्ञप्ति में समाज के सभी लोगों से अनुशासन, आपसी विश्वास और एकता बनाए रखने की अपील की गई है। साथ ही कहा गया है कि समाज की गरिमा और प्रतिष्ठा की रक्षा करना प्रत्येक सामाजिक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
इस सामूहिक निर्णय में प्रदेश अध्यक्ष श्री मोती बैगा, उप प्रदेश अध्यक्ष श्री बिहारी रठुड़िया, जनपद सदस्य श्री बिष्णु बैगा, कबीरधाम जिला अध्यक्ष श्री सोनसाय करकुटिया, जिला उपाध्यक्ष श्री ललित बड़दैहा, बोड़ला ब्लॉक अध्यक्ष श्री कलेक्टर बैगा, पंडरिया ब्लॉक अध्यक्ष श्री लालजु घंघरीया सहित श्री सेमलाल बैगा, श्री झुलुराम बैगा, श्री नानुसिंह झुमुड़िया, श्री सुन्दर सिंह, श्री शिवराम कुसरीया, श्री अकल सिंह पंलगरीया, श्री जुगुतराम झुमुड़िया, श्री समेलाल केवटिया एवं श्री हरेसिंह कुसरीया सहित अन्य सामाजिक प्रमुख एवं पदाधिकारी शामिल रहे।जय नांगा बैगा! जय नांगा बैगिन! जय जोहार!
